कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को खुलेआम धमकी देने के आरोप में फरार चल रहे दिलीप मंडल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर से विधायक दिलीप मंडल लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे। आखिरकार स्पेशल टास्क फोर्स और डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा के पुरी में छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया। बताया जा रहा है कि वे एक नामी होटल में छिपकर रह रहे थे।

वायरल वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह

पूरा मामला एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद चर्चा में आया था। सोशल मीडिया पर तेजी से फैले वीडियो में विधायक कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते नजर आए थे। वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक विवाद गहरा गया और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।इसके बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की और विधायक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया।

आलीशान बंगला छोड़कर फरार हो गया था विधायक

पुलिस ने 14 मई को पैलान स्थित दिलीप मंडल के आलीशान बंगले पर छापा मारा था, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही वह वहां से फरार हो गए थे। इलाके में उनके आलीशान मकान और लग्जरी लाइफस्टाइल की काफी चर्चा रहती है।बताया जा रहा है कि उनके एक बंगले में स्विमिंग पूल, बड़ा गार्डन और महंगी सजावटी मूर्तियां लगी हुई हैं। फरारी के दौरान वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे ताकि पुलिस उन्हें ट्रैक न कर सके।

खुफिया इनपुट से मिली सफलता

आखिरकार खुफिया जानकारी मिलने के बाद STF और पुलिस टीम ने पुरी के एक होटल में दबिश दी और विधायक को हिरासत में ले लिया। अब उन्हें पश्चिम बंगाल लाने की तैयारी की जा रही है।

बेटा पहले ही जा चुका है जेल

दिलीप मंडल की मुश्किलें पहले से बढ़ी हुई थीं। उनके बेटे अर्घ्य मंडल को पुलिस पहले ही अवैध हथियार रखने और इलाके में अशांति फैलाने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। उसके साथ विधायक के चार करीबी सहयोगियों को भी जेल भेजा गया था।

हाई कोर्ट पहुंचा था मामला

गिरफ्तारी की आशंका के बीच दिलीप मंडल ने कलकत्ता हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की थी। उन्होंने गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन अदालत से राहत मिलने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!