अंबिकापुर: नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस विवेचना को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष रिफ्रेशर कोर्स का दूसरा प्रशिक्षण सत्र जारी है। प्रशिक्षण में वरिष्ठ आरक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के विवेचक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हो रहे हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी ने अधिकारियों एवं जवानों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियमके तहत गंभीर अपराधों की विवेचना में तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के संकलन और उपयोग की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान ई-साक्ष्य संकलन, डिजिटल एवं फॉरेंसिक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट तकनीक, ई-एफआईआर, CCTNS (क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) तथा साइबर अपराधों से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और विवेचना में उनके प्रभावी उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

173 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी ले रहे प्रशिक्षण

रिफ्रेशर कोर्स का उद्देश्य ICJS प्रणाली के तहत नवीन आपराधिक कानूनों को मैदानी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना और विवेचकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाना है। प्रशिक्षण में जिला मास्टर ट्रेनर्स, लोक अभियोजन अधिकारी, फॉरेंसिक एवं फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, साइबर और CCTNS विशेषज्ञ अधिकारियों को आधुनिक विवेचना तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं।

वर्तमान बैच में सरगुजा रेंज की विभिन्न जिला इकाइयों से  173 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। रेंज के शेष विवेचकों का प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से 7 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक सुरेश भगत, समन्वयक/रक्षित निरीक्षक तृप्ती सिंह राजपूत, एफएसएल एवं साइबर टीम के अधिकारी, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा सहित रेंज से आए पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!