
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के थाना लखनपुर पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की पुलिस जांच में वीडियो में किए गए दावे असत्य एवं तथ्यहीन पाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे।
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर 2026 को विसर्जन कार्यक्रम के दौरान थाना लखनपुर क्षेत्र के झिनपुरीपारा में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से ग्रामीणों के विवाद और कथित तौर पर एक व्यक्ति का पैर कुचलने** संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इसकी जांच एसडीओपी ग्रामीण राकेश कुमार बघेल को सौंपी।
जांच के दौरान एसडीओपी ग्रामीण ने झिनपुरीपारा पहुंचकर कथित पीड़ित, मोहल्लेवासियों, थाना प्रभारी और पेट्रोलिंग टीम के सदस्यों के बयान दर्ज किए। साथ ही मौके की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस के मुताबिक, जांच में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर काफी संख्या में लोग खड़े थे। पेट्रोलिंग वाहन के पहुंचने पर पुलिसकर्मी भीड़ को सड़क से हटने के लिए कह रहे थे, ताकि वाहन को आगे निकाला जा सके। जांच में पुलिस टीम और मोहल्लेवासियों के बीच किसी प्रकार के झगड़े या विवाद की पुष्टि नहीं हुई।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पेट्रोलिंग वाहन से किसी व्यक्ति को कुचलने का प्रयास नहीं किया गया। मौके पर मौजूद लोगों के बयान और जांच के आधार पर सोशल मीडिया वीडियो में किए गए दावों को पुलिस ने तथ्यहीन एवं असत्य बताया है।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो या खबर को बिना सत्यता की जांच किए आगे प्रसारित न करें। पुलिस ने लोगों से भ्रामक एवं असत्य जानकारी से बचने और किसी भी घटना की वास्तविक जानकारी के लिए अधिकृत पुलिस स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।




















