
जशपुर: जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चांपा टोली के पास नाकाबंदी कर दो पिकअप वाहनों से तस्करी कर ले जाए जा रहे 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से दो पिकअप वाहनों में बड़ी संख्या में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरकर जशपुर होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में सिटी कोतवाली पुलिस ने चांपा टोली के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान गौ सेवक भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुनकुरी की ओर से पिकअप क्रमांक JH 07M 9843 आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार गौवंश मिले। वाहन में सवार दो लोगों से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान आर्यन (20), निवासी आगडीह महुआ टोली और राकेश राम (28), निवासी पैकू, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई।इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे पिकअप क्रमांक CG 13BB 8096 के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन छोड़ दिया और अंधेरे व जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें भी चार गौवंश भरे मिले। इस तरह पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया।मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। घटना के बाद से फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, PSI जितेंद्र, PSI लक्ष्मी मरकाम, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक राम प्रताप यादव और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















