बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना चलगली क्षेत्र में धान की फसल की सिंचाई के लिए तालाब में लगाए गए दो इलेक्ट्रिक मोटर पंप चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक और एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दोनों मोटर पंप बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम डोंगरो निवासी अर्जुन पिता रूपचंद ने 21 सितंबर 2026 को थाना चलगली में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसने सिलवर कंपनी का 2 एचपी मोटर पंप, सीरियल नंबर TJH38618, तालाब में धान की फसल में पानी देने के लिए लगाया था। इसी तालाब में उसके भाई चंद्रशेखर सिंह ने भी सीआरआई मोनोब्लॉक कंपनी का 2 एचपी इलेक्ट्रिक पंप लगाया था। दोनों मोटर पंप तालाब में छोड़ दिए गए थे।17 सितंबर की सुबह जब दोनों भाई तालाब पहुंचे तो दोनों मोटर पंप गायब मिले। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गांव के मोटर मिस्त्रियों दयाराम, अगस्त गुप्ता और मनोज राम को घटना की जानकारी देते हुए कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति मोटर पंप बेचने आए तो इसकी सूचना दें।इसी बीच 21 सितंबर को ग्राम चलगली निवासी मोटर मिस्त्री दयाराम ने फोन कर बताया कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दो मोटर पंप लेकर बेचने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही प्रार्थी मौके पर पहुंचा और मोटर पंपों की पहचान की। पूछताछ में पता चला कि ग्राम बड़का गांव निवासी सुनील नायक दोनों मोटर पंप लेकर आया था। प्रार्थी ने दोनों पंपों को अपना और अपने भाई का होना पहचान लिया।मामले में थाना चलगली पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) BNS में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 22 सितंबर को एक अपचारी बालक और सुनील नायक निवासी बड़का गांव, थाना चलगली को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार चंदन सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुखेन सिंह, प्रधान आरक्षक 234 देवकुमार कुजूर, आरक्षक 895 देवसाय राजवाड़े और चालक आरक्षक 45 राधे सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!