
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में लखनपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक कोसंगा निवासी उषा दास ने थाना लखनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त 2024 से 30 नवंबर 2024 के बीच चेतन दास पड़वार और उसके सहयोगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3 लाख 50 हजार रुपये लिए। वहीं, उसकी सहेली रूकमणी सिदार से सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए गए। नौकरी नहीं लगने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देते हुए टालमटोल करता रहा।शिकायत के आधार पर लखनपुर थाने में अपराध क्रमांक 95/25 के तहत धारा 318(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी चेतन सिंह पड़वार, पिता परशुराम दास, उम्र 38 वर्ष, निवासी सोनतरई, थाना लखनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी ने ठगी की रकम में अपने हिस्से में मिली राशि खर्च हो जाने की जानकारी दी। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक पीताम्बर सिंह, आरक्षक नमीष सिंह, आशीष चौहान और दशरथ राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















