दुबई: महिला टी20 एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह है। दोनों पड़ोसी देशों की टीमें जब मैदान पर आमने-सामने होंगी तो मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में अपने दोनों मुकाबले जीते हैं। दोनों मैचों में भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की और इसी दमदार प्रदर्शन के चलते उसने सेमीफाइनल में अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है।वहीं पाकिस्तान महिला टीम ने अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ एक मुकाबला खेला है। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 35 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी। अब उसकी नजर भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मजबूत प्रदर्शन करने पर होगी।

कब होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह मुकाबला 5 सितंबर 2026 को खेला जाएगा। मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 8 बजे होगी, जबकि टॉस शाम 7:30 बजेहोगा।

भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा। इसके अलावा डीडी फ्रीडिश पर डीडी स्पोर्ट्स के जरिए भी मैच देखा जा सकेगा। वहीं मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर उपलब्ध होगी।

एशिया कप में भारत का पाकिस्तान पर दबदबा

महिला टी20 एशिया कप में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 6 मैचों में जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ सिर्फ एक जीत मिली है, जो 2022 में आई थी।

अगर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय महिला टीम ने 14 मैच जीते हैं जबकि पाकिस्तान के खाते में सिर्फ 3 जीतआई हैं।ऐसे में आज होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम जहां अपने दबदबे को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी, वहीं पाकिस्तान की नजर भारत के खिलाफ अपना रिकॉर्ड बेहतर करने पर होगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर टिकी हुई हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!