बिलासपुर: बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, चकरभाठा में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) की लैंडिंग के दौरान उसका बायां पहिया/टायर क्षतिग्रस्त हो गया। विमान में सवार 37 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर समेत कुल 41 लोगों की जान बाल-बाल बच गई।

जानकारी के मुताबिक विमान जैसे ही रनवे पर उतरा, लैंडिंग के दौरान अचानक बाएं तरफ के टायर में तकनीकी खराबी आ गई। तेज झटके के बावजूद पायलट ने विमान पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे सुरक्षित रनवे पर रोक लिया। घटना के बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल भवन पहुंचाया गया।

रनवे पर फंसा विमान, आगे की उड़ानें प्रभावित

विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद उसे रनवे से हटाने और तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना के चलते बिलासपुर से आगे संचालित होने वाली उड़ानों पर भी असर पड़ा और कुछ उड़ानें रद्द कर दी गईं।हादसे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित अधिकारी सक्रिय हुए। विमान के टायर में खराबी किस वजह से आई, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है।घटना के बाद बिलासपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा और रनवे से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि विमान की लैंडिंग के दौरान इस तरह की तकनीकी घटना गंभीर है और इसके कारणों की विस्तृत जांच जरूरी है।हालांकि, विमान का टायर फटने के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

DGCA जांच से सामने आएगा असली कारण

इस घटना ने विमान के प्री-फ्लाइट निरीक्षण, टायर की तकनीकी स्थिति और एयरपोर्ट के रनवे की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब निगाहें संबंधित विमानन अधिकारियों की जांच पर टिकी हैं।सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के बावजूद विमान में सवार सभी 41 लोग सुरक्षित हैं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!