
बलरामपुर: देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बलरामपुर जिले में गरिमामय, उत्साहपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह स्थल पर तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए। पूरे परिसर में वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयघोष गूंजते रहे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया गया। सांसद चिंतामणि महाराज ने शहीद परिवारों से भेंट कर उन्हें शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान लाजरूस मिंज, नबोर कुजूर, महेश पैकरा, अनिल खलखो, मनाज रूल, मसीह भूषण लकड़ा और रामसाय भगत सहित विभिन्न स्थानों पर शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को सम्मान दिया गया।
आकर्षक मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मुख्य समारोह में रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन और परेड टू आईसी सूबेदार ज्योति साहू के नेतृत्व में सुरक्षा बलों और विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। 12वीं बटालियन रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, महिला नगर सेना, वन विभाग सहित एनसीसी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति धुनों पर कदमताल करते हुए राष्ट्रीय तिरंगे और मुख्य अतिथि को जोश एवं उत्साह के साथ सलामी दी।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति, एकता, भाईचारे और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय भेलवाडीह, न्यू ईरा पब्लिक स्कूल रामानुजगंज, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर और संत जोसेफ मिशन स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
बच्चों ने एक पेड़ मां के नाम” विषय पर प्रस्तुति देकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। साथ ही छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीज-त्योहारों, लोकगीतों और लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में भी गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम से पूर्व अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ।
ध्वजारोहण के बाद भारत माता की जय और स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों से परिसर गूंज उठा। कलेक्टर ने परिसर में स्थापित महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर कलेक्टर ने जिलेवासियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभाकक्ष में अधिकारियों-कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी।
मुख्य समारोह और संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




















