

अंबिकापुर: “आसान निकाह, खुशहाल जिंदगी के संदेश के साथ रजा यूनिटी फाउंडेशन अंबिकापुर द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक डॉ. जाकिर हुसैन हॉल, बरेज तालाब, अंबिकापुर में संपन्न हुई, जिसमें मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कमेटी के जिम्मेदार सदस्य शामिल हुए।
बैठक में आगामी सामूहिक विवाह के वृहद आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने रजा यूनिटी फाउंडेशन की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी मददगार साबित होते हैं और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस दौरान सामूहिक विवाह के उद्देश्य, आयोजन की तैयारियों, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के चयन सहित कार्यक्रम को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। समाज के वरिष्ठजनों ने इस पहल को अपना समर्थन देते हुए हरसंभव सहयोग करने और अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की बात कही।बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि समाज में विवाह और निकाह को सरल एवं सादगीपूर्ण बनाया जाए। फिजूलखर्ची और अनावश्यक रस्मों को कम करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाए।
रजा यूनिटी फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक वर्ष सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। संस्था का मानना है कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम करना और सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना है।
रजा यूनिटी फाउंडेशन ने मुस्लिम समाज सहित सभी लोगों से अपील की है कि वे इस सामाजिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सामूहिक विवाह 2026 को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।











