

अंबिकापुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महुआ शराब बनाने के एक अवैध कारखाने का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 480 किलोग्राम महुआ लाहन, 70 लीटर महुआ शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए हैं। आरोपी अर्जुन कुजूर को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के निर्देश पर अवैध शराब निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 13 अगस्त को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम अंबिकापुर शहर में गश्त कर रही थी। इस दौरान संकटमोचन मंदिर, पटपरिया क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि एक किराए के मकान में महुआ शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि होने पर आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे में आठ भट्ठियों में महुआ शराब तैयार की जा रही थी, जबकि दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक डिब्बों में महुआ लाहन भरा हुआ मिला। भट्ठियों से कुल 70 लीटर महुआ शराब बरामद की गई तथा 24 डिब्बों में रखे 480 किलोग्राम महुआ लाहन को पंचनामा तैयार कर मौके पर नष्ट कर दिया गया। शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे सभी उपकरण और बर्तनों को भी जब्त कर लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी अर्जुन कुजूर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले महुआ शराब के खिलाफ यह उड़नदस्ता टीम की बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनी तथा आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











