

बलरामपुर: जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा बलरामपुर द्वारा जिले के 06 विकासखण्ड में चयनित 11 पीएमश्री विद्यालयों में से 08 विद्यालयों में योग प्रशिक्षक/खेल शिक्षक/प्रशिक्षक के अंशकालिक रूप में कार्य करने हेतु प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। शेष 03 पीएमश्री विद्यालयों में प्रशिक्षक के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है।
इन विद्यालयों में पीएमश्री प्राथमिक शाला गोपालपुर, पीएमश्री सेजेस अंग्रेजी माध्यम डौरा , तथा पीएमश्री सेजेस अंग्रेजी माध्यम शंकरगढ़, शामिल हैं।उक्त विद्यालयों में योग प्रशिक्षक/खेल शिक्षक/प्रशिक्षक के लिए इच्छुक एवं निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। न्यूनतम योग्यता के रूप में स्नातक शारीरिक शिक्षा डिग्री अथवा शारीरिक शिक्षा संबंधी क्षेत्र में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। विकासखण्डवार योग्य आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशिक्षक को एकमुश्त मानदेय के रूप में 10 हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान किया जाएगा इच्छुक अभ्यर्थी 19 अगस्त 2026 को शाम 5:30 बजे तक अपना आवेदन जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा बलरामपुर में स्वयं या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, योगा डिग्री, अनुभव प्रमाण पत्र, जाति, निवास एवं जीवित रोजगार पंजीयन सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना होगा। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।उक्त संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए शिवकुमार उपाध्याय, ए.पी.सी. के मोबाइल नंबर 91118-77272 पर संपर्क किया जा सकता है।










