बीजापुर:  बीजापुर जिले के थाना तर्रेम पुलिस ने पुनर्वासित माओवादियों और ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्र में शांति, सद्भाव और विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे माओवादियों को शासन की पुनर्वास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने पुनर्वासित माओवादियों से परिवार के साथ सामान्य जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। पुलिस ने बताया कि पुनर्वासित माओवादियों की थाना स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही उन्हें बेहतर तरीके से समाज में पुनर्स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।बैठक में ग्रामीणों से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल और मजबूत किया जा सकता है।

इस दौरान आत्मसमर्पित एवं पुनर्वासित माओवादियों से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समाज के साथ मिलकर हर्षोल्लास और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील की गई। युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों से जुड़कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस ने ग्रामीणों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करते हुए क्षेत्र में शांति, भाईचारा और विकास का वातावरण बनाए रखने की अपील की। बैठक का उद्देश्य पुनर्वासित माओवादियों को समाज से जोड़ने के साथ ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को और मजबूत करना रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!