
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताड़ापाला FOB के समीप केजी हिल्स के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला बीजापुर पुलिस को विश्वसनीय सूत्र से जंगल क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।5 नवंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने ताड़ापाला FOB से लगभग डेढ़ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप जंगल क्षेत्र में सर्चिंग की। इस दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग बीजीएल सेल बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन करते हुए बरामद सामग्री को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा एवं आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से परहेज करने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में अब भी बारूदी सुरंग (IED) अथवा अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका है। इससे आम नागरिकों की जान को खतरा हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आम लोगों को उक्त क्षेत्र में प्रवेश नहीं करना चाहिए। भविष्य में निर्धारित कार्ययोजना के तहत क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाकर बारूदी सुरंगों और अन्य विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय किया जाएगा।











