बीजापुर: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्कूलों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को केंद्रीय विद्यालय बीजापुर और प्राथमिक विद्यालय गुंजेपरती में ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। इस दौरान सीआरपीएफ की 229वीं वाहिनी के अधिकारी और जवान भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ और अन्य देशभक्ति गीतों के गायन से हुई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। गृह मंत्रालय एवं सीआरपीएफ महानिदेशालय के निर्देश पर 7 से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘वंदे मातरम’ अभियान के तीसरे चरण के तहत यह आयोजन किया गया।

पढ़ाई के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश

कार्यक्रम के दौरान 229वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। इसलिए विद्यार्थियों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य दशरथ बारमीरा, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया।

देशभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सीआरपीएफ की 229वीं वाहिनी के अधिकारियों-जवानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया।इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को देशप्रेम, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!