मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे अभिषेक सोनी, मरीजों और परिजनों से की चर्चा

बलरामपुर/राजपुर: मानसून के दौरान मौसमी बीमारियों का असर अब क्षेत्र में दिखाई देने लगा है। राजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से भी मरीज लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है।

ऑल मीडिया प्रेस एसोसिएशन के सरगुजा संभाग अध्यक्ष, युवा पत्रकार अभिषेक कुमार सोनी ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान उन्होंने मरीजों एवं परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में मौसम परिवर्तन एवं बारिश के कारण वायरल फीवर, सर्दी-खांसी, बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में उपचार के लिए पहुंचते दिखाई दिए।स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मौसम परिवर्तन एवं बारिश के कारण वायरल फीवर, सर्दी-खांसी, बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल परिसर में मरीजों एवं परिजनों की भीड़ देखी गई। दूरस्थ गांवों से आने वाले मरीजों ने भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता बताई।

अभिषेक कुमार सोनी द्वारा राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल/उप-जिला अस्पताल में उन्नयन करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्थानीय विधायक एवं कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। इस संबंध में 03 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं ने CMHO बलरामपुर-रामानुजगंज से विस्तृत प्रतिवेदन मांगा, जिसे तैयार कर शासन स्तर पर प्रस्तुत किया गया है जहां उन्नयन संबंधी अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

वहीं 26 मई 2026 को कलेक्टर कार्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा भी CMHO को पत्र जारी कर राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन संबंधी मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। पत्र में क्षेत्र की जनसंख्या, भौगोलिक परिस्थितियों एवं स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए मामले को गंभीरता से लेने की बात कही गई थी।

अभिषेक सोनी ने बताया कि राजपुर स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व में FRU (फर्स्ट रेफरल यूनिट) की सुविधा संचालित थी, जो बाद में बंद हो गई थी। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार किए गए प्रयासों के बाद CMHO द्वारा रायपुर में FRU सेवा पुनः प्रारंभ करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर सहमति प्राप्त होने की जानकारी मिली है। उम्मीद है कि जल्द ही FRU सेवा पुनः शुरू होगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि राजपुर विकासखंड एवं आसपास के वनांचल क्षेत्रों की लगभग 1 से 2 लाख आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। वर्तमान में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आपातकालीन सेवाओं, ICU/HDU, ब्लड स्टोरेज यूनिट तथा अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गंभीर मरीजों को अंबिकापुर रेफर करना पड़ता है।

यदि शासन स्तर पर राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल/उप-जिला अस्पताल में उन्नयन करने तथा FRU सेवा पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया जाता है, तो क्षेत्र के हजारों ग्रामीण, आदिवासी एवं दूरस्थ इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। क्षेत्रवासियों को अब शासन के अंतिम निर्णय का इंतजार है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. विजय सिंह ने बताया कि राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन एवं FRU (फर्स्ट रेफरल यूनिट) संबंधी प्रस्ताव शासन स्तर पर भेज दिया गया है। वर्तमान में शासन से स्वीकृति प्राप्त होने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि बारिश और मौसम परिवर्तन के दौरान मौसमी बीमारियों के मामलों में वृद्धि होती है, जिसके चलते इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!