

अंबिकापुर: संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति के खिलाफ छात्रों और छात्र नेताओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। विभिन्न मांगों और कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने करीब 5 घंटे तक नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
छात्रों ने कुलपति पर फिनाइल समेत अन्य सामान की खरीदी में लाखों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। इसके अलावा निजी सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। छात्रों का दावा है कि कागजों में निजी सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी दिखाकर हर साल करीब एक करोड़ रुपये तक की कथित गड़बड़ी की जा रही है।वहीं, विश्वविद्यालय में हुई विभिन्न भर्तियों को लेकर भी छात्र नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखकर कथित तौर पर अनियमितताएं की गई हैं।
छात्रों ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बनी।हालांकि, छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।











