

Shubman Gill: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता की खबर सामने आई है। कोलंबो में चल रहे अभ्यास सत्र के दौरान टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल चोटिल हो गए।नेट प्रैक्टिस में तेज गेंदबाजों का सामना करते समय गेंद उनके अंगूठे पर लग गई। चोट लगने के बाद गिल तुरंत नेट्स से बाहर चले गए और टीम के मेडिकल स्टाफ ने उनका उपचार किया।हालांकि राहत की बात यह रही कि इलाज के बाद भारतीय कप्तान दोबारा मैदान पर लौटे और उन्होंने बल्लेबाजी अभ्यास जारी रखा।
कैचिंग अभ्यास के दौरान भी लगी गेंद
शुभमन गिल को अभ्यास के दौरान दूसरी बार भी चोट का सामना करना पड़ा। स्लिप में कैचिंग प्रैक्टिस करते समय गेंद उनके हाथ में लगी, जिसके बाद वह फिर मेडिकल टीम के पास पहुंचे।फिलहाल टीम प्रबंधन की ओर से गिल की चोट को लेकर कोई गंभीर जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती संकेतों के अनुसार चोट ज्यादा गंभीर नहीं बताई जा रही है।
टेस्ट सीरीज से पहले टीम ने शुरू की तैयारी
भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 4 अगस्त को कोलंबो पहुंची थी। इसके बाद खिलाड़ियों ने अगले ही दिन अभ्यास शुरू कर दिया था।गुरुवार को टीम ने आगामी मुकाबलों को ध्यान में रखते हुए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग पर जमकर अभ्यास किया। इसी दौरान कप्तान गिल चोटिल हो गए।
गिल नहीं खेले तो किसे मिलेगी कप्तानी की जिम्मेदारी
अगर शुभमन गिल चोट के कारण टेस्ट सीरीज के किसी मुकाबले से बाहर होते हैं, तो टीम इंडिया की कप्तानी की जिम्मेदारी उपकप्तान केएल राहुल संभाल सकते हैं।राहुल टीम के उपकप्तान हैं और कप्तान की अनुपस्थिति में नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
टीम मैनेजमेंट रख रहा है चोट पर नजर
फिलहाल भारतीय टीम की नजर शुभमन गिल की फिटनेस पर बनी हुई है। टीम प्रबंधन उम्मीद कर रहा है कि कप्तान समय रहते पूरी तरह फिट होकर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम का नेतृत्व करेंगे।











