

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने विभागीय लापरवाही और अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए बलौदा बाजार जिले में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग की जांच में उनके कार्य में गंभीर खामियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
शराब बिक्री की शिकायत की जांच में मिली गड़बड़ियां
जानकारी के अनुसार, रोहासी क्षेत्र में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जिम्मेदारी पी. माधव राव को सौंपी गई थी। लेकिन विभागीय समीक्षा के दौरान जांच प्रक्रिया में लापरवाही और अनियमितताओं के संकेत मिले।इसके बाद मामले की दोबारा जांच कराई गई, जिसमें जांच दल ने कई गंभीर कमियां और प्रक्रियागत खामियां उजागर कीं।
आयुक्त के आदेश पर तत्काल निलंबन
जांच रिपोर्ट के आधार पर आबकारी आयुक्त ने पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रायपुर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
एक और अधिकारी पर गिरी गाज
आबकारी विभाग ने इसी कार्रवाई के क्रम में प्रदेश के एक अन्य आबकारी उप निरीक्षक को भी निलंबित किया है। वहीं एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।
लापरवाही पर आगे भी जारी रहेगी सख्ती
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही, अनियमितता या नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











