

Morena: विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का एक बयान बीते दिनों खूब चर्चा में रहा. उन्होंने कुशवाहा समाज को लेकर एक टिप्पणी की थी जिसके बाद मध्य प्रदेश मे राजनीतिक माहौल गर्म हो गया था और कुशवाहा समाज में भी आक्रोश था. हालांकि अब उन्होंने अपने बयान को लेकर मांफी मांग ली है. उन्होंने मांफी मांगते हुए कहा कि मैं हमेशा कुशवाहा समाज का सम्मान करता हूं और करता रहूंगा.
विधानसभा अध्यक्ष ने मांगी माफी
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कुशवाहा समाज के लोगों से मांफी मांगते हुए कहा ‘अगर मेरे शब्दों से समाज को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं. समाज को हुई तकलीफ के लिए खेद व्यक्त करता हूं. मैं हमेशा कुशवाहा समाज का सम्मान करता हूं और करता रहूंगा.’

क्या था पूरा मामला?
भाजपा के मुरैना जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह के आवास पर शुक्रवार को कुशवाह समाज का कार्यक्रम था. इसी दौरान उन्होंने कहा कि एक समय था जब कुशवाह समाज को भाजपा का समर्थक समाज मानते थे. भाजपा कुशवाह समाज के प्रति समर्पित रहा है, लेकिन यह बात अलग है, कि बीच-बीच में कुशवाह समाज थोड़ा इधर-उधर गुलाटी खाता रहा। इसके कारण अपनी विश्वसनीयता को खंडित किया. लोकतंत्र में प्रतिष्ठा उसी की रहती है, जो एक खूंटे से बंधकर रहता है.











