

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रही एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवापारा निवासी कमला भगत (37 वर्ष), पति आनंद भगत मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम जजगा स्थित अपने खेत में धान की रोपाई का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर गिर गई। बिजली गिरते ही महिला गंभीर रूप से झुलस गई और खेत में ही गिर पड़ी।घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय परंपरा के अनुसार महिला के शरीर पर गोबर का लेप लगाकर उसे खाट के सहारे मुख्य मार्ग तक लाया गया, जहां से एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन और परिजनों ने लखनपुर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।











