

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया है। थाना भेज्जी क्षेत्र के बोधराजपदर जंगल में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान एक नक्सल डम्प का पता चला, जहां से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन राइफल सहित 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। विश्वसनीय स्थानीय सूचना के आधार पर 3 अगस्त 2026 को सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की ई कंपनी और भेज्जी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बोधराजपदर के जंगल में विशेष सर्च अभियान चलाया।अभियान के दौरान एफओबी एलारमडगु से रवाना हुई संयुक्त टीम ने कैंप से लगभग 2.8 किलोमीटर दूर जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया। तलाशी के दौरान .315 बोर की एक बोल्ट एक्शन राइफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्युमिनियम कंटेनर जब्त किया गया।सर्च अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित रूप से कैंप एलारमडगु लौट आई। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नक्सल गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











