

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में मंगलवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीती रात शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह भी जारी रही, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ आसमान घने काले बादलों से ढका रहा, जिसके कारण दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल देखने को मिला।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली से सटे हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।अगले दो दिनों के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, झारखंड, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, केरल, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 4 से 9 अगस्त के बीच गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। गुजरात और असम सहित कई राज्यों में पहले से ही भारी वर्षा के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को पूर्वी एवं पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। 6 और 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।











