

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के पशुधन को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पशु विभाग द्वारा हेमोरेजिक सेप्टीसीमिया (एच.एस.) एवं ब्लैक क्वार्टर (बी.क्यू.) के संयुक्त टीकाकरण अभियान का चलाया जा रहा है।
पशु चिकित्सा विभाग की टीमों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि वर्षा ऋतु में फैलने वाले इन संक्रामक रोगों की रोकथाम की जा सके। अभियान के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं के समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं रोगों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है।साथ ही विभाग द्वारा मोबाइल वेटनरी यूनिट के माध्यम से पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही पशुओं को कृमिनाशक दवा का वितरण, पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड , पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा पशुधन प्रबंधन संबंधी आवश्यक जानकारियां भी साझा की जा रही हैं।
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं और विभागीय टीमों को सहयोग दें। समय पर टीकाकरण से पशुधन सुरक्षित रहेगा, पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाव होगा तथा पशुधन आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी।











