

उत्तर प्रदेश : आगरा कैंट स्थित नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
ड्यूटी पर गई महिला कर्मचारी, पीछे से टूटा घर का ताला
जानकारी के अनुसार, रेलवे के पार्सल विभाग में कार्यरत सोनम पांडेय ड्यूटी पर गई थीं। इसी दौरान चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। जब दोपहर में उनकी बहन घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा हुआ था और घर में चोरी की जानकारी मिली।
जेवर, नकदी और मोबाइल समेत लाखों का सामान चोरी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चोर घर से करीब डेढ़ तोला सोने के आभूषण, लगभग आधा किलो चांदी के जेवर, एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
मंदिर की गुल्लक भी नहीं छोड़ी, लड्डू गोपाल के आभूषण भी ले गए
चोरों ने घर के मंदिर को भी नहीं छोड़ा। मंदिर में रखी गुल्लक तोड़कर उसमें रखी रकम निकाल ली और लड्डू गोपाल के आभूषण भी अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, घर के फ्रिज में रखी रबड़ी भी खा गए। इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
इलाके में बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।











