

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस और यातायात विभाग की टीमें स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दे रही हैं।
अभियान का उद्देश्य नाबालिगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाना और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। साथ ही उन्हें बताया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने जिले के सभी स्कूलों के प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को भी निर्देश दिए हैं कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन से विद्यालय आने की अनुमति न दें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी। सुधार नहीं होने की स्थिति में चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कदम भी उठाए जाएंगे।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्कूलों के बाहर वाहन लेकर पहुंचे छात्रों से ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के संबंध में पूछताछ की गई तथा उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों को स्कूल के अधिकृत वाहन या परिजनों के साथ ही विद्यालय आने-जाने की सलाह दी।
सरगुजा पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस का कहना है कि यह जागरूकता अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।











