अंबिकापुर: सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी व्यवसायी से एक करोड़ रुपये से अधिक की सोने-चांदी की ज्वेलरी की उठाईगिरी के मामले में पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को व्यापारियों ने नगर बंद रखकर नेशनल हाईवे-43 पर चक्काजाम कर दिया। आंदोलन के चलते हाईवे के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा में जुटे रहे।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग अपनी स्कूटी में टांगा हुआ था। जैसे ही वह दुकान का शटर खोलने लगे, उसी दौरान अज्ञात बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। बैग में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के आभूषण रखे थे। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई थी।पुलिस जांच में अब तक यह बात सामने आई है कि वारदात को अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया,आरोपियों की तलाश में सरगुजा पुलिस की कई टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारी संघ और सर्राफा व्यापारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार सुबह से नगर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। दवा दुकानों को छोड़कर लगभग पूरा बाजार स्वेच्छा से बंद रहा। दोपहर 12 बजे कारगिल चौक पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर धरना देकर चक्काजाम शुरू कर दिया।

चक्काजाम के कारण हाईवे पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एंबुलेंस को प्राथमिकता देते हुए निकाला गया, जबकि स्कूली बसों और यात्री वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कारगिल चौक सहित नगर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!