

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस रेग्युलेशन के तहत यह घोषणा जारी की है। साथ ही आम नागरिकों से आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली सरगुजा में दर्ज अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के मामले में आरोपी तरुण जायसवाल निवासी भफौली पर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।इसी को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में सहायक ठोस सूचना देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पुरस्कार प्रदान करने का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा लिया जाएगा।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी मिले तो वह तत्काल पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर या जिला पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर पुलिस की मदद करें।
इस के फरार आरोपी के सम्बन्ध मे सार्थक सूचना प्रदान करने हेतु सम्पर्क नम्बर-
पुलिस अधीक्षक, सरगुजा-94791-93501
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा-94791-93502
नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर-94791-93503
पुलिस नियंत्रण कक्ष, जिला-सरगुजा-94791-93599











