अंबिकापुर। सरगुजा जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने ₹5,000 के इनाम की घोषणा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनाम घोषित किया है।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज है। प्रकरण में आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी भफौली, पर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है।

आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। घोषणा के अनुसार जो भी व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी सूचना देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, अथवा आरोपी को गिरफ्तार कराएगा या स्वयं गिरफ्तार करेगा, उसे ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पुरस्कार प्रदान करने संबंधी अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक, सरगुजा द्वारा लिया जाएगा।

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

संपर्क नंबर:

पुलिस अधीक्षक, सरगुजा – 94791-93501

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा – 94791-93502

नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर – 94791-93503

पुलिस नियंत्रण कक्ष, सरगुजा – 94791-93599

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!