

घर का शटर तोड़कर की थी चोरी, मुखबिर की सूचना पर तीनों अपचारी बालक चोरी की बाइक सहित पकड़े गए
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन अपचारी बालकों को पकड़कर चोरी गई KTM मोटरसाइकिल बरामद की।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने एक घर का शटर तोड़कर KTM मोटरसाइकिल क्रमांक DL 55 AJ 6062 चोरी कर ली थी। वाहन की अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद शटर का ताला टूटा मिला तथा घर के अंदर सबल और आरी ब्लेड पड़े मिले थे। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत धारा 305(क) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, बयान और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल चलाते हुए तीन संदिग्ध अपचारी बालकों को पकड़ा। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने चोरी गई KTM मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों का सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर उनके परिजनों को नियमानुसार सूचना दी तथा उन्हें माननीय किशोर न्यायालय, रामानुजगंज के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











