गुजरात/जामनगर: गुजरात के जामनगर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि दो साल से लापता युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। आरोप है कि पत्नी ने पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और शव को 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। इसके बाद वह लगातार परिवार को यह कहकर गुमराह करती रही कि उसका पति ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जिग्नेश मावड़िया के रूप में हुई है। उसके भाई अशोक मावड़िया ने दो साल से भाई के लापता होने पर जामनगर के सिटी 'बी' पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती दौर में परिवार को पत्नी ने यह कहकर भरोसा दिलाया कि जिग्नेश काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है। मामला तब संदिग्ध हुआ जब परिवार के एक सदस्य ने ऑस्ट्रेलिया जाकर जिग्नेश के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की और पत्नी संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।पुलिस की पूछताछ में पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में पता चला कि उसका शादी से पहले से ही नीलेश नामक युवक से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे और उन्होंने मिलकर जिग्नेश की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पति को शराब में साइनाइड मिलाकर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने दरेड जीआईडीसी क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री परिसर में करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर दफन स्थल की खुदाई कराई जा रही है और शव के अवशेषों की तलाश के साथ पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच जारी है।

इस हत्याकांड की कार्यप्रणाली की तुलना वर्ष 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'दृश्यम' से की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। जामनगर में इस सनसनीखेज मामले को लेकर लोगों के बीच व्यापक चर्चा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!