रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर उस समय हुई, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई।हादसे के तुरंत बाद उन्हें झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में उनकी कमर में गंभीर चोट आई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि प्रारंभिक मेडिकल जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही ललितपुर और झांसी प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस के आला अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने पहुंचे।बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय ललितपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।हादसे की खबर सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!