

बलरामपुर: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह द्वारा विकासखंड वाड्रफनगर की समीक्षा बैठक अस्पताल के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीएमएचओ डॉ. सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संचारी रोग नियंत्रण तथा शासन की प्राथमिकता वाली स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
बैठक में सीएमएचओ ने लेप्रोसी केस डिटेक्शन कैंपेन (एलसीडीसी) के अंतर्गत संचालित कुष्ठ रोग स्क्रीनिंग अभियान की सेक्शनवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सेक्शन बलंगी के बलंगी एवं कोगवार, सेक्शन पंडरी के पंडरी तथा सेक्शन रामनगर-बसंतपुर के मुरकोल क्षेत्र में स्क्रीनिंग कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड वाड्रफनगर में आगामी 8 दिवस के भीतर कुष्ठ रोग स्क्रीनिंग अभियान पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डॉ. सिंह ने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रथम तिमाही में अनिवार्य रूप से पंजीयन तथा समय पर सभी आवश्यक एएनसी जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
मौसमी बीमारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच की जाए, ताकि रोग की समय पर पहचान कर उपचार प्रारंभ किया जा सके। सीएमएचओ ने विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा कर उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा एवं डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने, परिवार नियोजन, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत, ओआरएस एवं जिंक के उपयोग तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने की बात कही।
बैठक में डीपीएम, विकासखंड के चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईटीओ, कार्यक्रम प्रबंधक, सुपरवाइजर तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











