

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में युवाओं के बीच प्रतिबंधित ई-सिगरेट (वेप) की बिक्री पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर क्षेत्र के एक पान कॉर्नर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (वेप) और 3 हजार नकद सहित करीब 55,500 का समान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड स्थित आयुषी डेली निड्स (पान कॉर्नर) में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की।
जांच के दौरान दुकान से 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और 3 हजार नकद बरामद हुए। दुकान संचालक प्रांसु केसरी (24 वर्ष) निवासी बनारस रोड, गांधीनगर से ई-सिगरेट रखने और बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7 एवं 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि ई-सिगरेट और फ्लेवर लिक्विड की बढ़ती लत युवाओं और छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने स्कूल संचालकों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 या डायल 112 पर दें।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय तथा सहायक उप निरीक्षक वरदान लकड़ा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











