लखनपुर/ प्रिंस सोनी: शिक्षा व्यवस्था में कथित गंभीर अनियमितताओं, नीट पेपर लीक प्रकरण और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पैदल मार्च स्थानीय कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर नगर के बस स्टैंड होते हुए माता कर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर तक पहुंचा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा नीट पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग शामिल है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंहदेव ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ भी प्रदर्शन के दौरान दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मौत पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह देव, शराफत अली, सतेंद्र राय, रमेश जायसवाल, स्वप्निल शर्मा, जगरोपण यादव, अजर राम चौधरी, इरशाद खान, गप्पू खान, भूपेंद्र जायसवाल, भूपेंद्र सिंह, भानु राजवाड़े, मकसूद हुसैन, इमरान हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!