

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी शशिकांत सिंहा ने बताया कि आरोपी तरुण जायसवाल (लगभग 50 वर्ष) निवासी ग्राम भफौली, जिला सरगुजा के घर में पीड़िता खाना बनाने का काम करती थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 65(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही हैं और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आरोपी उपसरपंच का पति है तथा उसकी छवि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











