

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ड्रंक एंड ड्राइव के तीन मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए तीन वाहन चालकों पर कुल 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। कार्रवाई यातायात शाखा और थाना बतौली पुलिस की संयुक्त टीम ने की। तीनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात शाखा की टीम ने जांच के दौरान सीजी-29-ए-6290 नंबर की स्कॉर्पियो के चालक छत्रपति अजमले (37) को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। ब्रेथ एनालाइजर जांच में चालक के शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि हुई।वहीं थाना बतौली पुलिस ने खड़धोवा रोड पर वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिल चालकों समीर मिंज (19 और अमलेश मिंज (18) को भी शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।तीनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने सभी मामलों में प्रत्येक चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाते हुए कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।पुलिस ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











