बलरामपुर: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना पुलिस ने महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर बदनाम करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना शंकरगढ़ में 9 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बसेरा निवासी अजय कुमार रवि (22 वर्ष)पहले शंकरगढ़ में ड्राइवर का काम करता था और उसी दौरान वह पीड़िता के घर में रहकर वाहन चलाता था। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत होती थी। मार्च 2025 में आरोपी अपने गांव लौट गया, लेकिन इसके बाद वह लगातार पीड़िता के पति के मोबाइल पर आपत्तिजनक बातें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता था।पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने किसी तरह उसके कपड़े बदलने का अश्लील वीडियो हासिल कर उसे मोबाइल पर भेजकर बदनाम करने की कोशिश की। साथ ही आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।शिकायत के आधार पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 141/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार था। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव बसेरा खुर्द वापस आ गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 21 जुलाई 2026 को आरोपी अजय कुमार रवि को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!