

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के बिहारपुर वन परिक्षेत्र में तीन भालुओं के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब ग्रामीण खेती के औजार बनवाकर पड़ोसी गांव से अपने घर लौट रहा था। घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बिहारपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम कछवारी निवासी 55 वर्षीय शिवरतन खेती के औजार बनवाने के लिए पड़ोसी गांव खोहिर गए थे। काम पूरा होने के बाद वे जंगल के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रेडिया नदी के समीप अचानक तीन भालुओं ने उन पर हमला कर दिया।अचानक हुए हमले में शिवरतन गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह भालुओं के चंगुल से खुद को छुड़ाया और जंगल से बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल शिवरतन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।











