रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 अक्टूबर को रायपुर प्रवास को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान लोकभवन के आसपास 11 से अधिक सड़कों पर दो दिनों तक यातायात प्रतिबंधित या नियंत्रित रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और बांस लगाकर आवाजाही रोकी जाएगी। राष्ट्रपति का काफिला गुजरने के दौरान प्रमुख सड़कों पर करीब आधे घंटे तक यातायात रोकने की व्यवस्था रहेगी। इससे शहर के 25 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति माना एयरपोर्ट से लोकभवन पहुंचेंगी। इसके बाद बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और रात्रि विश्राम के लिए लोकभवन लौटेंगी। अगले दिन सुबह वह बस्तर जाएंगी। शाम को रायपुर लौटने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आईजी, डीआईजी सहित विभिन्न रैंक के अधिकारी और अन्य शहरों से बुलाया गया पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।

शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा में बढ़ेगी परेशानी

राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इन इलाकों के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी जाती है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

1. पुराना पुलिस मुख्यालय से राजभवन चौक: इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आवागमन के लिए कलेक्टोरेट चौक की ओर से वैकल्पिक रास्ते का उपयोग किया जा सकेगा।

2. एलआईसी कार्यालय से सिविल लाइंस रोड: इस सड़क पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों के लिए आयकर भवन के पास से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रहेगा।

3. राजभवन चौक से सप्रे शाला मार्ग: राष्ट्रपति के इनडोर स्टेडियम जाने के दौरान काली माता मंदिर और महिला थाना होते हुए सप्रे शाला रोड तक का यातायात काफिले के गुजरने से करीब आधे घंटे पहले रोका जाएगा।

4. बूढ़ेश्वर चौक से राजभवन चौक: राष्ट्रपति की वापसी के दौरान महिला थाना और ओसीएम चौक की ओर से गुजरने वाले मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

5. माना एयरपोर्ट से लोकभवन: राष्ट्रपति के आगमन के दौरान वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक से होकर लोकभवन तक के मार्ग पर काफिले की आवाजाही के समय यातायात रोका जाएगा।

6. लोकभवन से माना एयरपोर्ट: राष्ट्रपति की वापसी के दौरान एसआरपी चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेस-वे होते हुए माना एयरपोर्ट तक के मार्ग पर यातायात नियंत्रित रहेगा।

घर से निकलने से पहले रखें ध्यान

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आम नागरिकों को संबंधित मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध और डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों की जानकारी लेकर निकलना चाहिए। जरूरी काम से यात्रा करने वाले लोग वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें, ताकि जाम और अनावश्यक देरी से बचा जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!