अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेंदुटिकरा में खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार,बालम सिंह नेटी (पिता भज्जू राम), निवासी ग्राम पंचायत रामनगर अपने रिश्तेदार के घर ट्रैक्टर से नागर जुताई का काम करने ग्राम तेंदुटिकरा गए थे। जुताई के दौरान ट्रैक्टर का इंजन खेत के कीचड़ में बुरी तरह फंस गया। ट्रैक्टर को बाहर निकालने के लिए पहले उसमें लगा नागर हटाया गया। इसके बाद ट्रैक्टर के 'केच बिल' में दोनों ओर मोटी-मोटी बल्लियां (लकड़ी के लट्ठे) फंसाकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया।इसी दौरान बल्ली के सहारे ट्रैक्टर को खींचते समय अचानक उसका अगला हिस्सा हवा में उठ गया और ट्रैक्टर पीछे की ओर पलट गया। हादसे में चालक बालम सिंह नेटी ट्रैक्टर के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान अचानक हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!