CG Weather Update:  छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में शाम के समय हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होने के कारण पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है।

अगले तीन दिन तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मजबूत कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

रायपुर से बिलासपुर तक बारिश का असर

प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। वहीं बिलासपुर में लगातार हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई क्षेत्रों में सड़कों और घरों में पानी भर गया।

बिलासपुर में स्कूलों की छुट्टी घोषित

लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बिलासपुर जिले के स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

सामान्य से अब भी कम है बारिश का आंकड़ा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य की तुलना में लगभग 31 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

लोगों के लिए जारी की गई सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!