नारायणपुर:  छत्तीसगढ़ पुलिस ने विवेचना कार्य को आधुनिक, त्वरित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल  के निर्देशन में जिले के सभी थानों में पदस्थ जांच अधिकारियों को कुल 135 मोबाइल डेटा टर्मिनल (स्मार्टफोन) उपकरण वितरित किए गए हैं।

भारत सरकार द्वारा लागू नए आपराधिक कानूनों और ई-साक्ष्य (e-Sakshya) प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए इन स्मार्ट उपकरणों का वितरण किया गया है। इनकी सहायता से जांच अधिकारी घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तत्काल संकलन एवं अपलोड कर सकेंगे, जिससे साक्ष्यों के सुरक्षित प्रबंधन और वैज्ञानिक जांच प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग बेहतर और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग की आधारशिला है। मोबाइल डेटा टर्मिनल के माध्यम से जांच अधिकारी ऑनलाइन दस्तावेजों का आदान-प्रदान, केस डायरी से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन तथा विभिन्न पुलिस एप्लीकेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से विवेचना कार्य अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगा। साथ ही साक्ष्यों की विश्वसनीयता और उनकी चेन ऑफ कस्टडी सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी। नई तकनीक के उपयोग से अनुसंधान की गुणवत्ता और दक्षता में वृद्धि होगी तथा डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक मजबूती मिलेगी।नारायणपुर पुलिस का कहना है कि स्मार्ट पुलिसिंग और ई-साक्ष्य प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से आमजन को त्वरित, पारदर्शी और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!