

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले के विद्यार्थियों को समय पर जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है इसी कड़ी में मंगलवार को विकासखंड शंकरगढ़ के विभिन्न विद्यालयों में शिविर आयोजित किया गया। जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरतपुर में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में राजस्व विभाग के पटवारी, शिक्षा विभाग के संकुल समन्वयक, शिक्षक एवं विद्यार्थियों के पालकों की उपस्थिति में आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। शिविर में लगभग 34 प्रमाण पत्र बनाया गया। साथ ही शेष आवेदनों पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
कलेक्टर के निर्देशन में प्रशासन द्वारा ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति एवं प्रवेश संबंधी कार्यों में समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो सकें।











