

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस अब अपराधों की जांच और विवेचना में आधुनिक तकनीक का अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करेगी। पुलिस मुख्यालय रायपुर की पहल पर जिले के 102 विवेचकों को उच्च तकनीकी क्षमता वाले सैमसंग स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे जांच प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल वितरित किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (मॉडर्न एवं स्पेशल प्लान) के तहत उपलब्ध कराए गए इन स्मार्ट मोबाइलों का उद्देश्य देश में लागू नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ई-साक्ष्य के त्वरित और सुरक्षित संकलन को सुनिश्चित करना है।
इन मोबाइल उपकरणों की सहायता से विवेचक अब घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं डिजिटल तरीके से साक्ष्य एकत्र कर सकेंगे। साथ ही घटना स्थल की तस्वीरें, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल दस्तावेजीकरण और रिपोर्टिंग को व्यवस्थित एवं मानकीकृत स्वरूप में तैयार किया जा सकेगा। इससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ-साथ जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में यह पहल सरगुजा पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाएगी तथा अपराधों की जांच को तेज, सटीक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।पुलिस विभाग द्वारा मोबाइल वितरण के इस प्रारंभिक चरण के बाद विवेचकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा तकनीकी सहायता, डेटा सुरक्षा और डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की जाएगी।











