

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा ने नशीली दवाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 3528 नग नशीले कैप्सूल जब्त किए हैं। मामले में सीतापुर क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आबकारी उड़नदस्ता टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सीतापुर अंतर्गत ग्राम केसला निवासी सजाद अली अपने घर में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल रखकर बिक्री कर रहा है।सूचना की पुष्टि होने पर आबकारी टीम ने तत्काल सजाद अली के घर पर छापेमार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान उसके शयन कक्ष में रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी से 441 स्ट्रिप में कुल 3528 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी सजाद अली ने बताया कि जब्त नशीले कैप्सूल उसके रिश्तेदार एवं धेलसरा निवासी महबूब खान के हैं, जो उसका भांजा है। इसके बाद आबकारी टीम ने धेलसरा स्थित महबूब खान के घर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को विशेष न्यायालय नारकोटिक्स, अंबिकापुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। कार्रवाई में मुख्य आबकारी आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह एवं महिला सैनिक राजकुमारी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










