

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ और दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 28.48 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई लैलूंगा और छाल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप पत्थलगांव से घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने खम्हार मोड़ मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14 MF-0223 को रोककर जांच की। चालक महेन्द्र लहरे से कबाड़ परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।जांच के दौरान ट्रक में करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने कुल 16.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की।वहीं, थाना छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए ग्राम बोजिया के पास माजदा वाहन क्रमांक CG-12 AZ-3191 को रोककर जांच की। वाहन चालक भूपेन्द्र यादव भी कबाड़ परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन से लोहे की छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स सहित लगभग 2 टन कबाड़ बरामद किया गया।पुलिस ने 40 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ और करीब 12 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन जब्त कर कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में ली और वैधानिक कार्रवाई की।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार "ऑपरेशन प्रहार" के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के परिवहन और उससे जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस संदिग्ध कबाड़ के स्रोत और उसके स्वामित्व की भी जांच कर रही है।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और संगठित अपराधों से जुड़ा एक बड़ा माध्यम है तथा ऐसे मामलों में बिना वैध दस्तावेज कबाड़ परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










