कोरबा : कटघोरा थाना क्षेत्र में चर्चित राज ज्वेलर्स छुरी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कटघोरा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

महिला का भेष बनाकर पहुंचे थे तीनों बदमाश

पुलिस के अनुसार, एक जुलाई की दोपहर करीब एक बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले मौजूद थे। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था और उनमें से एक आरोपी महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने की बात कहकर दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद एक बदमाश ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, दूसरे ने देसी कट्टा तान दिया, जबकि तीसरे ने मिर्च पाउडर डालकर बैग में आभूषण भरने की कोशिश की।

भीड़ जुटी तो कट्टा और बाइक छोड़कर भागे आरोपी

वारदात के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। खुद को घिरता देख तीनों बदमाश घबराकर मौके से फरार हो गए। भागते समय वे देसी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40) निवासी जिलगा बरपाली के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया निवासी कोलगा अभी फरार है।

जेल में हुई थी दोस्ती, बाहर आकर बनाई लूट की योजना

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर लूट की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देसी कट्टे का इस्तेमाल किया गया।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!