

बलौदा बाजार : लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर के पास स्थित खोरसी नाला मंगलवार देर रात बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए जानलेवा साबित हुआ। बिजली सुधार कार्य के लिए जा रही विभाग की पिकअप उफनते नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि एक कर्मचारी के लापता होने की आशंका है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
रात 2 बजे हुआ हादसा, 800 मीटर तक बह गई पिकअप
पुलिस के मुताबिक बिजली विभाग की टीम अचानकपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए निकली थी। रात करीब दो बजे चालक ने खोरसी नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका। कुछ ही सेकंड में तेज धारा ने पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन करीब 800 मीटर दूर तक बह गया।
तीन कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान
हादसे के दौरान वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह बाहर निकलकर तैरते हुए सुरक्षित किनारे पहुंच गए। वहीं चौथे कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या बह जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पिकअप को बाहर निकालने के बाद ही उसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तेज बहाव के बीच जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। नाले में 10 से 12 फीट गहरा पानी और तेज बहाव के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद संयुक्त टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले मार्गों को पार करने का जोखिम न उठाएं। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल पूरे इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है तथा लापता कर्मचारी की तलाश तेज कर दी गई है।











