

सूरजपुर: नगर पालिका परिषद, सूरजपुर द्वारा शहर में आवारा (सड़क पर रहने वाले) कुत्तों के रेबीज़ रोधी टीकाकरण एवं नसबंदी (Animal Birth Control) अभियान को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आवारा कुत्तों की संख्या का वैज्ञानिक एवं मानवीय तरीके से नियंत्रण करना, रेबीज़ जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम करना तथा आम नागरिकों एवं पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित टीम द्वारा आवारा कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण, रेबीज़ रोधी टीकाकरण एवं नसबंदी की जा रही है। ऑपरेशन के पश्चात आवश्यक देखभाल एवं स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करने के उपरांत उन्हें पुनः उसी क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया जा रहा है।
कलेक्टर रेना जमील ने अभियान को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शहर में आवारा कुत्तों से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उनके निर्देशन में नगर पालिका परिषद द्वारा अभियान में तेजी लाते हुए विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका परिषद, सूरजपुर द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि अभियान के दौरान संबंधित टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा किसी भी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की अधिक संख्या अथवा उनसे संबंधित किसी समस्या की स्थिति में इसकी सूचना नगर पालिका परिषद को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जा सके।











